गाजीपुर का आधार कार्ड दिखाने पर रोकने का आरोप, VIP दर्शन को लेकर भी उठाए सवाल
वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंची गाजीपुर की एक लड़की ने मंदिर में प्रवेश को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की के मुताबिक, वह रात करीब 3 बजे तक दर्शन के लिए लाइन में खड़ी रही। जब वह मंदिर के पास पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर ID मांगी।
गाजीपुर की ID नहीं चलेगी, बनारस की ID लाओ
लड़की ने अपना आधार कार्ड दिखाया, जिस पर गाजीपुर का पता दर्ज था। आरोप है कि उसे बताया गया कि गाजीपुर की ID मान्य नहीं होगी और बनारस की ID दिखानी होगी। यह सुनकर लड़की परेशान हो गई और रोने लगी।
लड़की ने कहा कि वह गाजीपुर की रहने वाली है, ऐसे में उसके पास बनारस की ID कहां से आएगी। इसके बाद उसे आगे नहीं जाने दिया गया।
VIP दर्शन को लेकर भी उठाया सवाल
लड़की का आरोप है कि उसे आम लाइन में रोक दिया गया, जबकि उसके पास से VIP दर्शन के लिए लोगों को मंदिर के अंदर जाने दिया जा रहा था। इस पर उसने सवाल उठाया कि अगर वह श्रद्धालु है और उसके पास वैध पहचान पत्र है, तो उसे दर्शन से क्यों रोका जा रहा है।
रोते हुए लड़की ने कहा, “क्या मैं अपराधी हूं, जो अंदर जाकर महादेव का मर्डर कर दूंगी?”
मामले का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर में दर्शन की व्यवस्था और ID जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, लड़की को रोकने के पीछे पुलिस या मंदिर प्रशासन की ओर से क्या कारण बताया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
