State

भोपाल में आज लगेगा पहला जन विश्वास शिविर, श्याम नगर में होगी समस्याओं की सुनवाई

भोपाल, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत भोपाल में पहला जन विश्वास शिविर शुक्रवार, 7 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 8:30 बजे से वार्ड क्रमांक-47, श्याम नगर, लिंक रोड नंबर-3, अरेरा पेट्रोल पंप के पास स्थित मस्जिद के समीप (जोन क्रमांक-6) में लगेगा।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही अधिकारियों को पहले से लंबित आवेदनों का भी मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles