सीमा हैदर पर हुआ जानलेवा हमला, आरोपी ने घर में घुसकर गला दबाया – भीड़ ने मौके पर बचाया, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली । ग्रेटर नोएडा में रहने वाली पाकिस्तानी मूल की सीमा हैदर पर जानलेवा हमला होने की खबर सामने आई है। शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति सीमा हैदर के घर तक पहुँच गया और ज़बरदस्ती अंदर घुसकर उस पर हमला कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और एक बार फिर से सीमा हैदर की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले सीमा हैदर के घर के दरवाज़े पर ज़ोर-ज़ोर से पैर मारकर हंगामा करता रहा। इसके बाद वह जबरन घर के भीतर घुस गया और सीधे सीमा हैदर का गला दबाने की कोशिश की। सीमा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुँचे और किसी तरह उसे हमलावर से बचाया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर गुजरात से आया था और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या यह हमला योजनाबद्ध था या फिर मानसिक विकृति के कारण किया गया।

सीमा हैदर की पहचान और सुरक्षा एक बार फिर चर्चा में

गौरतलब है कि सीमा हैदर पाकिस्तान से अवैध रूप से भारत आई थी और उसने ग्रेटर नोएडा में एक भारतीय युवक से शादी की थी। तभी से वह लगातार सुर्खियों में बनी हुई है और सुरक्षा एजेंसियों की नजर में है। इस हमले के बाद उसकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस पर एक बार फिर दबाव बढ़ गया है।

पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके मानसिक स्वास्थ्य की मेडिकल जांच कराई जा रही है। वहीं सीमा हैदर की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कर दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Exit mobile version