भोपाल। शाहपुरा थाना पुलिस ने घर का गेट तोड़कर मोबाइल, लैपटॉप, नकदी और दस्तावेज चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये का चोरी का मशरूका बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को फरियादी सिद्धांत विश्वकर्मा ने शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति घर का गेट तोड़कर मोबाइल, लैपटॉप, नकदी और अन्य दस्तावेज चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 432/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
भोपाल शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शाहपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर उनका विश्लेषण किया।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को सूचना मिली कि स्वर्ण जयंती पार्क के पास चोरी की घटना में संदिग्ध व्यक्ति के हुलिए से मिलता-जुलता एक व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को रोका और पूछताछ की।
उसने अपना नाम सूरज यादव उर्फ आकाश ड्राइवर, उम्र 34 वर्ष, निवासी पंचशील नगर, भोपाल बताया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने 2 अगस्त को शाहपुरा क्षेत्र में घर में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से 6,800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
चोरी के सामान को बेचने के लिए दिया था
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सूरज यादव ने बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप और पांच अन्य मोबाइल फोन उसने छोला मंदिर निवासी प्रकाश सोनी को बेचने के लिए दिए थे। इसके बाद पुलिस ने प्रकाश सोनी, उम्र 34 वर्ष, को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पुलिस का कहना है कि प्रकाश के पास चोरी के दो मोबाइल फोन मिले। उसने एक अन्य मोबाइल फोन और लैपटॉप को मोहम्मद असलम, उम्र 53 वर्ष, निवासी ईदगाह हिल्स क्षेत्र को बेचने की जानकारी दी। पूछताछ में दो मोबाइल फोन तोड़कर फेंकने की बात भी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस ने एक चोरी का मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया।
करीब 3 लाख रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मरकाम, उप निरीक्षक हरीश गुजरभोज, प्रधान आरक्षक नितिन सोनी, सुरेंद्र यादव, राजेश सिंह, आरक्षक भानुप्रताप सिंह, बाबूलाल जाटव तथा साइबर सेल के आरक्षक अरविंद सिंह जादौन और शिवशंकर सिंह की भूमिका रही।
