
अशोकनगर, मध्यप्रदेश। जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। अशोकनगर के प्रसिद्ध डेंटिस्ट और अब एनआरआई हो चुकी एक सिख फैमिली पर खुलेआम गुंडों ने हमला कर आतंक मचा दिया। पीड़ित परिवार ने इस पूरे हमले के वीडियो साझा किए हैं, जिसमें हमलावरों की दबंगई और हिंसा साफ दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में एक स्थानीय पुलिसकर्मी द्वारा कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसी विवाद के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने मिलकर सिख परिवार के घर पर हमला किया, जिससे परिवार के सदस्य दहशत में हैं।
यह परिवार वर्षों से अशोकनगर में अपनी सेवाएं देता आ रहा था और वर्तमान में विदेश में निवास कर रहा है, लेकिन घटना के समय वे अपने पैतृक घर पर मौजूद थे। हमले में संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और परिवार को धमकाने की बात भी सामने आई है।
प्रदेश में बढ़ते ऐसे मामलों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों और समाजिक संगठनों ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि प्रदेश की शांति और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर सख्त दंड दिया जा सके।




