भोपाल । भारतीय रेलवे के भोपाल मंडल में विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के नेतृत्व में यह अभियान पूरे रेलवे मंडल में चलाया गया।
मंडल रेल चिकित्सालय में जागरूकता सभा
भोपाल के मंडल रेल चिकित्सालय में आयोजित जागरूकता सभा में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा ने टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी की अहमियत बताई। उन्होंने टीबी के शीघ्र निदान और प्रभावी उपचार के महत्व पर जोर दिया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज महेश्वरी (पल्मोनोलॉजिस्ट) ने टीबी के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी दी। डॉ. रचना श्रीवास्तव (अपर मंडल चिकित्सा अधीक्षक) ने एक्स्ट्रा पल्मोनरी टीबी पर प्रकाश डाला। डॉ. श्रुति मेंढेकर (वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी) ने टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव खत्म करने और सामाजिक व पोषणीय सहायता की जरूरत बताई। सभा का संचालन सहायक नर्सिंग अधिकारी श्रीमती ललिता लाल ने किया। सभा में रेलवे चिकित्सा स्टाफ और बड़ी संख्या में रेल लाभार्थी उपस्थित रहे।
टीबी जागरूकता के लिए विशेष कार्यक्रम
पोस्टर प्रदर्शनी: मंडल रेल चिकित्सालय में टीबी के लक्षण, हाई-रिस्क ग्रुप, उपचार और पोषण संबंधी जानकारी को पोस्टर प्रदर्शनी के जरिए दिखाया गया।
ऑडियो-वीडियो जागरूकता: बाह्य रोग विभाग परिसर में ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति के जरिए बताया गया कि टीबी का इलाज संभव और निःशुल्क उपलब्ध है।
रेलवे स्टेशनों पर जनजागरूकता अभियान: गुना और बीना रेलवे स्टेशनों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से टीबी के लक्षण, रोकथाम और इलाज की जानकारी प्रसारित की गई।
रेलवे कॉलोनियों में रैली एवं जागरूकता सभा: उप मंडल रेल चिकित्सालय इटारसी और बीना, स्वास्थ्य केंद्र गुना और हबीबगंज में जागरूकता सभा और रेलवे कॉलोनियों में रैली निकाली गई।
रेलवे का स्वास्थ्य मिशन: जनजागरूकता की ओर कदम
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि भारतीय रेलवे अपने रेलकर्मियों और आमजन के स्वास्थ्य के प्रति समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता रहता है। इससे टीबी उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलेगी। “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” – समय पर जांच और सही इलाज से टीबी को हराना संभव है। आइए, मिलकर इसे खत्म करें!
टीबी हारेगा, देश जीतेगा” : रेलवे में विश्व क्षय रोग दिवस पर जागरूकता अभियान का सफल आयोजन
