State

टोल फ्री नंबर 18002332085 पर लें अपॉइंटमेंट, अस्पतालों में पर्चा बनवाने की झंझट से मिले राहत

भोपाल। भोपाल के शासकीय एवं आयुष्मान पंजीकृत चिन्हित निजी अस्पतालों में अब डॉक्टर से परामर्श के लिए अपॉइंटमेंट लेना बेहद आसान हो गया है। आयुष्मान भारत निरामयम हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 18002332085 पर कॉल करके मरीज घर बैठे ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकते हैं, जिससे अस्पतालों में पर्चा बनवाने और लंबी कतारों में लगने का समय बच रहा है।  अब तक इस सुविधा का 23 हजार से अधिक हितग्राही लाभ उठा चुके हैं। मरीजों द्वारा दिए गए फीडबैक के अनुसार इस सेवा को औसतन 9.1 रेटिंग प्राप्त हुई है, जो इसकी लोकप्रियता और उपयोगिता को दर्शाती है।

मरीज की लोकेशन के आधार पर नजदीकी अस्पताल का सुझाव

हेल्पलाइन पर कॉल करने के बाद मरीज द्वारा बताए गए निवास स्थान या वर्तमान लोकेशन के आधार पर नजदीकी शासकीय या आयुष्मान पंजीकृत निजी अस्पतालों के विकल्प सुझाए जाते हैं। मरीज अपनी सुविधा के अनुसार अस्पताल और समय चुन सकता है, जिसके बाद अपॉइंटमेंट तुरंत सुनिश्चित कर दिया जाता है।

सुबह 8 से शाम 8 बजे तक उपलब्ध है सेवा

यह टोल फ्री सेवा सुबह 8.00 बजे से शाम 8.00 बजे तक संचालित की जा रही है। आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप यह सुविधा विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन के सहयोग से चलाई जा रही है।  इस हेल्पलाइन के माध्यम से आभा आईडी (ABHA ID) भी बनाई जा सकती है। मरीज अपने आधार कार्ड नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर बताकर आसानी से आभा आईडी बनवा सकते हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार करने की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे भविष्य में इलाज से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रहती है।

पूरी तरह निशुल्क, सभी आयु वर्ग के लिए

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क है। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर मरीज ओपीडी के निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचकर परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकते हैं। इससे न केवल मरीजों के समय की बचत हो रही है, बल्कि अस्पतालों में भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिल रही है। यह सुविधा सभी आयु वर्ग के मरीजों के लिए उपलब्ध है।

टोल फ्री नंबर: 18002332085
(सुबह 8.00 बजे से शाम 8.00 बजे तक)

Related Articles