लंबित शिकायतों का जल्द निराकरण करें : सुमित पांडे

टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
भोपाल, 17 अगस्त । कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को समय-सीमा (टीएल) कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सुमित कुमार पांडे ने की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए जल्द निराकरण के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर लंबित सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील और नजूल स्तर पर शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होने के कारण लोगों को बार-बार कलेक्टर और तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। यह स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील, नजूल या कलेक्ट्रेट में कोई भी व्यक्ति शिकायत लेकर आए तो उसकी समस्या को गंभीरता से सुना जाए। सीमांकन, नामांतरण सहित राजस्व से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
योजनाओं के लाभ से कोई वंचित न रहे
सुमित पांडे ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि लोगों को शिकायत करने की नौबत ही क्यों आ रही है। उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री का काम 100 प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर इसके लिए विशेष शिविर आयोजित करने को भी कहा गया।





