
भोपाल। मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल) में महिला सशक्तिकरण के तहत राज्य स्तरीय महिला सुरक्षा संवाद और बाल विकास संरक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए एकजुटता बढ़ाना और बाल संरक्षण व बाल लैंगिक शोषण के मुद्दों पर जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस आयोजन में विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इसमें शासकीय कला एवं वाणिज्य नवीन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्णा सिंह के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दल में स्टेट कैंपर अजय सिंह परिहार, कैंपस एंबेसडर कुशाग्र शर्मा और 25 अन्य स्वयंसेवक शामिल थे।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मुद्दों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया, जिसमें महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को रोकने और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों को समझने पर विशेष जोर दिया गया।





