भोपाल, 13 अगस्त । शहर में गंदगी और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। जहांगीराबाद-लाल परेड क्षेत्र में मेट्रो रेल के काम से जुड़े ठेकेदार द्वारा सड़क पर मिट्टी फैलाने और गंदगी करने पर निगम अमले ने 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम सफाई व्यवस्था के साथ सार्वजनिक स्थानों की लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान जोन-7 की टीम ने मेट्रो रेल के काम से जुड़े ठेकेदार को सड़क पर मिट्टी फैलाते हुए पाया। इसके बाद मौके पर ही 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सीएंडडी वेस्ट फैलाने पर रिक्शा चालक पर कार्रवाई
जोन-12 की टीम ने वार्ड-44 में अंडरब्रिज के पास खुले स्थान पर सीएंडडी वेस्ट यानी निर्माण एवं विध्वंस सामग्री फैलाने वाले रिक्शा चालक पर कार्रवाई की। उससे 2,500 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।
चार जोन में 40 से ज्यादा कार्रवाई
जोन-13, 14, 15 और 16 में भी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और सीएंडडी वेस्ट फैलाने, थूकने, सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन का इस्तेमाल करने और खुले में शौच करने वालों पर कार्रवाई की गई।
– जोन-13: 5 प्रकरण, 1,600 रुपये जुर्माना
– जोन-14: 16 प्रकरण, 3,600 रुपये जुर्माना
– जोन-15: 17 प्रकरण, 21,500 रुपये जुर्माना
– जोन-16: 6 प्रकरण, 2,000 रुपये जुर्माना
नगर निगम के अनुसार कुल 50 प्रकरणों में 41,200 रुपये की राशि स्पॉट फाइन और जुर्माने के रूप में वसूल की गई। निगम ने साफ-सफाई व्यवस्था में बाधा डालने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
