भोपाल में पहली बार कॉलोनियों की विशेष जनसुनवाई, 287 शिकायतें पहुंचीं; बिल्डरों को लगाई फटकार

सड़क, पेयजल, बिजली और अधूरे विकास कार्यों की शिकायतों की भरमार, 5 बिल्डरों को बुलाकर 20 मामलों का मौके पर निराकरण
भोपाल, 9 जुलाई। भोपाल कलेक्टर कार्यालय में गुरुवार को पहली बार शहर की कॉलोनियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में कुल 287 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें बड़ी संख्या सड़क, पेयजल, बिजली, सीवेज और बिल्डरों द्वारा अधूरे छोड़े गए विकास कार्यों से संबंधित थीं। करीब 20 प्रतिशत शिकायतें कोलार तहसील क्षेत्र की कॉलोनियों से आईं।

अपर कलेक्टर (एडीएम) सुमित कुमार पांडे ने सुनवाई के दौरान

कोरल कासा सहित पांच बिल्डरों को तत्काल मोबाइल पर बुलाकर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और मौके पर लगभग 20 मामलों का निराकरण कराया। इसके अलावा करीब 40 बिल्डरों से संपर्क कर उन्हें लंबित विकास कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।

जनसुनवाई में नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई कॉलोनियों में सड़क, पेयजल, विद्युत, सीवेज और अन्य मूलभूत सुविधाएं अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। वहीं कई बिल्डरों पर राशि लेने के बावजूद मकानों का कब्जा नहीं देने और विकास कार्य अधूरे छोड़ने के आरोप भी लगाए गए। सुनवाई में नगर निगम, सहकारिता विभाग, सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं।

प्रमुख शिकायतें

प्लॉट तक जाने का रास्ता बंद होने का मामला: आयोध्या एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी अशोक कुमार रावत ने शिकायत की कि बावड़िया कला स्थित उनके प्लॉट के सामने कथित रूप से गेट और शादी हॉल बना दिए जाने से रास्ता बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।

ईशान ग्रांड स्टेट में अधूरे विकास कार्य: नर्मदापुरम रोड स्थित ईशान ग्रांड स्टेट सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने बिल्डर पर सीवेज, सड़क, बिजली, गार्डन, सफाई और अन्य विकास कार्य पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। रहवासियों का कहना है कि वर्ष 2017 में कार्य पूरे कर कॉलोनी सौंपी जानी थी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। शिकायत सुनने के बाद एडीएम ने बिल्डर को बुलाकर जल्द कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

गंगा हाईट्स फेस-2 के रहवासियों की शिकायत: बैरागढ़ चिचली स्थित गंगा हाईट्स फेस-2 के रहवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनाइजर अधूरे निर्माण कार्य छोड़कर चला गया। कॉलोनी में बाउंड्रीवाल, पार्क, पानी की टंकी, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, सीवेज और अन्य सुविधाओं का अभाव है। अधिकारियों ने मामले के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

फिरदौस नगर में सीवेज की समस्या: डीआईजी बंगला क्षेत्र स्थित फिरदौस नगर बीडीए कॉलोनी के रहवासियों ने फूटी सीवेज लाइन के कारण सड़कों और गलियों में गंदा पानी भरने की शिकायत की। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

Exit mobile version