State

शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय भोपाल में गीता जयंती पर विशेष व्याख्यान, युवाओं में गीता के ज्ञान के प्रसार पर जोर

भोपाल ।  शासकीय कला एवं वाणिज्य (नवीन) महाविद्यालय, भोपाल के हिंदी विभाग द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत गीता जयंती अवसर पर गीता के उपदेश विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को गीता के शाश्वत ज्ञान, नैतिक मूल्यों और जीवन-उपयोगी सिद्धांतों से जोड़ना था।

इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन एवं व्याख्यान डॉ. रोशनी द्वारा दिया गया। उन्होंने गीता के प्रमुख अध्यायों, अर्जुन–कृष्ण संवाद और उसमें छिपे कर्तव्य, आत्मबोध, निर्णय क्षमता और जीवन संतुलन जैसे प्रमुख संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला व्यावहारिक मार्गदर्शक है।

यह आयोजन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. शोभना जैन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन और अधिक सार्थक बना।

उल्लेखनीय है कि गीता जयंती भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र में अर्जुन को दिव्य ज्ञान देने की स्मृति में मनाई जाती है। यह दिन हर व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और धर्म-पालन के महत्व की याद दिलाता है तथा समाज में सकारात्मकता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश प्रसारित करता है।

Related Articles