विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने दिए पारदर्शिता और प्रभावशीलता के निर्देश

भोपाल। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं बूथ स्तरीय अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इस कार्य को अत्यधिक गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाना चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि बी.एल.ओ. घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से मतदाताओं या परिवार के वयस्क सदस्य को ई.एफ. (नामांकन प्रपत्र) की दोनों प्रतियाँ सौंपें और वितरण के बाद उसे बी.एल.ओ. ऐप पर ‘Delivered’ के रूप में अंकित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रपत्र वितरण के समय मतदाताओं को 2003 की मैपिंग (मानचित्रण) से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाए, जिससे मतदाता अपने बूथ क्षेत्र और पते की सटीकता को सत्यापित कर सकें।
साथ ही कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि बी.एल.ओ. न केवल ई.एफ. फॉर्म भरवाने में मतदाताओं की सहायता करें, बल्कि भरे हुए फॉर्म को तुरंत ऐप पर डिजिटाइज (डिजिटलकृत) भी करें ताकि डेटा अद्यतन समयबद्ध रूप से पूरा हो सके। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्री सिंह ने पर्यवेक्षकों को भी आदेशित किया कि वे अभियान के प्रत्येक चरण में सघन निरीक्षण और फील्ड विजिट सुनिश्चित करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध, सटीक और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा ki यह अभियान मतदाता सूची के परिमार्जन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का अहम चरण है। सभी अधिकारी अपने उत्तरदायित्व को पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता से निभाएँ।



