लखनऊ: सड़क पर थप्पड़ कांड—रिटायर्ड कर्नल को इंस्पेक्टर ने मारा थप्पड़, वीडियो वायरल, अब तक नहीं हुई कार्रवाई

लखनऊ ।  राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ट्रैफिक विवाद के दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर ने सार्वजनिक रूप से एक सेवानिवृत्त कर्नल को थप्पड़ मार दिए। यह घटना 21 जून को तेलीबाग चौराहे पर हुई, लेकिन इसका वीडियो अब वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त कर्नल आनंद प्रकाश 21 जून को अपनी निजी गाड़ी से तेलीबाग चौराहा पार कर रहे थे। तभी उल्टी दिशा से आ रहे इंस्पेक्टर विनय कुमार सरोज, जो सरकारी गाड़ी में सवार थे, सामने से आकर रुके। उन्होंने अचानक अपनी गाड़ी का दरवाज़ा खोला और बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते उन्होंने कर्नल आनंद प्रकाश को सड़क पर ही थप्पड़ जड़ दिए। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो में यह पूरी घटना साफ़ तौर पर देखी जा सकती है।

इस घटना से अपमानित महसूस करते हुए कर्नल आनंद ने उसी दिन पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज कराया और लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र सिंह सेंगर को भी लिखित शिकायत दी। कर्नल का कहना है कि एक जिम्मेदार नागरिक और पूर्व सेना अधिकारी के साथ इस तरह की हिंसक और अपमानजनक हरकत न केवल अनुचित है बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े करती है।

हालांकि, इस पूरे प्रकरण को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से न तो कोई गिरफ्तारी हुई है और न ही इंस्पेक्टर विनय सरोज को निलंबित किया गया है। इससे पीड़ित पक्ष में गहरा असंतोष है और सोशल मीडिया पर लोग पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता की आलोचना कर रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा दबाव

आज सामने आए वायरल वीडियो ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि इंस्पेक्टर खुद ही गाड़ी से उतरकर पहले बहस करते हैं और फिर हाथ उठाते हैं। कई नागरिकों और पूर्व सैनिक संगठनों ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और इंस्पेक्टर के निलंबन की मांग की है।

पूर्व सैनिक संगठनों की प्रतिक्रिया

पूर्व सैनिक संघ और एक्स-सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि अगर वर्दीधारी जवान सड़क पर यूं अपमानित किए जाएंगे, तो यह पूरे सैनिक समुदाय का अपमान है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में स्वयं हस्तक्षेप करने की मांग की है।

Exit mobile version