State

सुरखी में कांग्रेस को झटका, पूर्व सरपंच सरमन यादव समर्थकों सहित भाजपा में शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब ग्राम शिकारपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व सरपंच सरमन यादव अपने दो दर्जन से अधिक समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने निवास ‘मातेश्वरी’ पर सभी नवप्रवेशी नेताओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है। क्षेत्र के विकास के लिए सभी लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करना चाहिए।

भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सरमन यादव ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी नीतियों, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों तथा मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा सुरखी क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ली है। उन्होंने कहा कि अब वे अपने साथियों के साथ क्षेत्र के विकास, जनसेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।

भाजपा में शामिल होने वालों में सरमन यादव, रामप्यारे यादव, आशीष यादव, रामबाबू यादव, भगवानदास साहू, दौलत सिंह यादव, विनोद यादव, बलराम पाल, कोमल सिंह ठाकुर, तखत लोधी, रमेश लोधी, देवेंद्र यादव, राकेश यादव, नरेश यादव, विशाल यादव, अमित यादव और लक्ष्मीनारायण यादव सहित दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles