सतारा में महिला डॉक्टर की आत्महत्या से हड़कंप: सुसाइड नोट में दो पुलिस अधिकारियों पर रेप और उत्पीड़न के गंभीर आरोप

महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपजिला अस्पताल में पदस्थ एक महिला डॉक्टर ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। डॉक्टर द्वारा अपने हाथ पर लिखा गया सुसाइड नोट पूरे पुलिस तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है, जिसमें दो पुलिस अधिकारियों पर बलात्कार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

फलटण शहर स्थित एक निजी होटल के कमरे में महिला डॉक्टर का शव मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डॉक्टर ने अपने ही हाथ पर सुसाइड नोट लिखा था। उसमें उन्होंने PSI गोपाल बदने पर आरोप लगाया कि पिछले पाँच महीनों में उसने चार बार उनके साथ बलात्कार किया। वहीं दूसरे पुलिस अधिकारी प्रशांत बनकर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।

इस दर्दनाक घटना से न केवल सतारा जिला, बल्कि पूरा महाराष्ट्र स्तब्ध है। स्थानीय लोगों और डॉक्टर समुदाय ने इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

यह मामला एक बार फिर से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा पर सवाल उठाता है। सवाल यह है कि जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो महिलाएं न्याय की उम्मीद किससे करें? राज्य सरकार पर भी अब दबाव बढ़ता जा रहा है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी महिला इस तरह की मजबूरी में न पहुंचे।

Exit mobile version