भोपाल। अटल फाउंडेशन द्वारा नई दिल्ली स्थित न्यू महाराष्ट्र सदन में अटल श्री 2025 एवं अटल सम्मान समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय समारोह भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा की विरासत को समर्पित रहा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश चंद्र जोशी की बहू शिखा जोशी को उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित अटल बिहारी वाजपेयी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल जोशी परिवार की सार्वजनिक सेवा की परंपरा को रेखांकित करता है, बल्कि समकालीन भारत में महिलाओं की सशक्त और निर्णायक भूमिका को भी उजागर करता है।
केंद्रीय मंत्री ने प्रदान किया पुरस्कार
समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अटल पुरस्कार 2025 प्रदान करते हुए अपने संबोधन में ग्रामीण विकास, कृषि उन्नयन और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में अटल बिहारी वाजपेयी के दृष्टिकोण की आज की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सहभागिता
कार्यक्रम में सांसद गीता शाक्य, अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के पुरस्कार विजेता उपस्थित रहे। वहीं संयुक्त राष्ट्र में विश्व शांति के राजदूत डॉ. परविंदर की उपस्थिति ने समारोह को अंतरराष्ट्रीय और मानवीय दृष्टिकोण प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि अटल पुरस्कार केवल उपलब्धियों की मान्यता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक कल्याण और शांति प्रयासों के लिए प्रेरित करने का माध्यम हैं।
मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता
शिखा जोशी जैसी विभूतियों को सम्मानित कर अटल फाउंडेशन ने नैतिक सार्वजनिक जीवन, समाज सेवा और रचनात्मक राजनीति के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई—वे मूल्य, जिनका प्रतीक अटल बिहारी वाजपेयी भारत और विश्व मंच पर रहे हैं।
राष्ट्रीय समारोह में शिखा जोशी को अटल बिहारी वाजपेयी पुरस्कार, नई दिल्ली में हुआ सम्मान
