State

शहपुरा ROB एप्रोच का होगा स्थायी पुनर्निर्माण, तीन वैकल्पिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था

भोपाल, 12 अगस्त 2026। जबलपुर के क्षतिग्रस्त शहपुरा रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्माण में संरचनात्मक सुरक्षा, निर्माण गुणवत्ता और लंबे समय तक टिकाऊ समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

भोपाल स्थित निवास कार्यालय में हुई बैठक में ROB के क्षतिग्रस्त एप्रोच, तकनीकी परीक्षण, सुरक्षा उपाय, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और स्थायी समाधान की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण तय समय-सीमा में पूरा हो और हर चरण की नियमित निगरानी की जाए।

तीन वैकल्पिक मार्गों पर रहेगी यातायात व्यवस्था

ROB का काम पूरा होने तक नागरिकों और भारी वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए तीन वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मंत्री ने इन मार्गों पर मरम्मत, संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य यातायात सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

1. शहपुरा–कृषि उपज मंडी–रेलवे लेवल क्रॉसिंग मार्ग: करीब 4.80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मंडी परिसर के अंदर लगभग 300 मीटर अस्थायी मार्ग का डामरीकरण कर इसे निर्माणाधीन ROB के एप्रोच से जोड़ा गया है। कच्चे हिस्सों में जरूरत के अनुसार PCC और पेवर ब्लॉक लगाने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। सभी सुधार कार्य 20 अगस्त 2026 तक पूरे किए जाने हैं।

2. जबलपुर–पाटन–शहपुरा मार्ग: करीब 36 किलोमीटर लंबे इस मुख्य वैकल्पिक मार्ग पर भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए रोड शोल्डर निर्माण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। पर्याप्त और दूर से दिखाई देने वाले संकेतक लगाए जाएंगे। यातायात सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कार्य 15 सितंबर 2026 तक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

3. सहजपुर–किसरोद–टिपराह–नोनी–घुनसौर मार्ग: करीब 6.50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को यातायात के अनुकूल बनाया जाएगा। इसमें 3.18 किलोमीटर हिस्सा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आता है। मरम्मत, संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्था 20 अगस्त 2026 तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

वैकल्पिक मार्गों की लगातार होगी निगरानी

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि केवल वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है। ROB के स्थायी पुनर्निर्माण तक इन मार्गों की लगातार निगरानी की जाए। भारी वाहनों के कारण जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हो या यातायात दबाव बढ़े, वहां तत्काल सुधार कराया जाए।

लोक निर्माण विभाग, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माण एजेंसी डिबार, MD पर FIR

शहपुरा ROB का निर्माण करने वाली एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। विभाग के अनुसार मेसर्स वागड़ इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्रा.लि.–मेसर्स सोराठिया वेलजी रत्ना कंपनी लिमिटेड के संयुक्त उपक्रम को 10 जून 2026 को डिबार किया जा चुका है।

इसके अलावा मेसर्स वागड़ इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्रा.लि. के प्रबंध निदेशक विनोद जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता या निर्धारित दायित्वों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शहपुरा ROB के एप्रोच का स्थायी पुनर्निर्माण सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और दीर्घकालीन मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।

Related Articles