भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू), भोपाल में 17 अगस्त 2026 को परमाणु ऊर्जा और उसकी तकनीकी उपलब्धियों पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन इंडियन न्यूक्लियर सोसाइटी (INS), मुंबई द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में परमाणु ऊर्जा के प्रति रुचि बढ़ाना और इसके लाभकारी उपयोगों की जानकारी देना है। इस दौरान विद्यार्थियों और फैकल्टी को देश के वरिष्ठ परमाणु वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभागाध्यक्ष प्रो. पवित्र श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी की अध्यक्षता में होगा। इसमें INS मुंबई के वरिष्ठ सदस्य और परमाणु क्षेत्र के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विजय कुमार मनचंदा, पूर्व विशिष्ट वैज्ञानिक, BARC और INS अध्यक्ष; ऋषिकेश मिश्रा, सेवानिवृत्त एसोसिएट डायरेक्टर एवं उत्कृष्ट वैज्ञानिक; अनादि कुमार सिन्हा, सेवानिवृत्त एसोसिएट डायरेक्टर एवं उत्कृष्ट वैज्ञानिक, NPCIL; अर्चना मिश्रा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, BARC और ओ.पी. राय, पूर्व वैज्ञानिक, NPCIL एवं INS कोषाध्यक्ष प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
विशेषज्ञ विद्यार्थियों को परमाणु विज्ञान और तकनीक में हुए बदलावों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। चर्चा में मास मीडिया, कृषि, स्वास्थ्य सेवा और खाद्य संरक्षण में परमाणु तकनीक के उपयोग पर विशेष ध्यान रहेगा।
इसके अलावा स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बिजली उत्पादन में परमाणु ऊर्जा की भूमिका पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम में यह भी बताया जाएगा कि परमाणु ऊर्जा और उससे जुड़ी तकनीकों के बारे में सही एवं तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुंचाने में जनसंचार माध्यमों की क्या भूमिका हो सकती है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, यह सत्र विद्यार्थियों को वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने और परमाणु ऊर्जा से जुड़े विषयों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।
