एसडीएम अर्चना रावत शर्मा ने आंगनवाड़ी केंद्र लिया गोद, 17 केंद्रों को स्कूलों में शिफ्ट करने के निर्देश


भ

ोपाल। एमपी नगर तहसील की एसडीएम अर्चना रावत शर्मा ने मंगलवार को किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 783 को गोद लेने की घोषणा की। अब वे इस केंद्र के कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी और देखरेख करेंगी।
एसडीएम ने केंद्र पर मौजूद माताओं और बच्चों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ियों में आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी देखा कि बच्चों का साप्ताहिक वजन और ऊंचाई का रिकॉर्ड नियमित रूप से लिया जा रहा है तथा उसकी जानकारी पोषण ट्रैकर ऐप पर दर्ज की जा रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान किराए के भवन में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 782 को शासकीय स्कूल में स्थानांतरित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा की गई। इसके अलावा किराए के भवनों में चल रही 17 आंगनवाड़ियों को जल्द से जल्द शासकीय स्कूलों में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
उचित मूल्य की दुकान का भी किया निरीक्षण
एसडीएम अर्चना रावत शर्मा ने शक्ति साकेत स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों को गेहूं, चावल और अन्य खाद्यान्न का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान से जुड़े स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता के आधार पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को कहा।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार दीपक द्विवेदी, नायब तहसीलदार कृष्णा रावत, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी अखिलेश सिंह चतुर्वेदी तथा खाद्य विभाग के अधिकारी पुष्पराज पाटिल और वसुंधरा पेंद्रो उपस्थित रहे।





