राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर भोपाल में हुए विज्ञान आधारित कार्यक्रम

क्विज, पोस्टर और मॉडल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

भोपाल। तृतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस-2026 के अवसर पर 19 अगस्त को आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल में विभिन्न वैज्ञानिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन आंचलिक विज्ञान केंद्र और मास्टर कंट्रोल फैसिलिटी (MCF), ISRO, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ MCF, ISRO भोपाल के ग्रुप डायरेक्टर शैलेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान MCF के अधिकारी अक्षय चौरे, पंकज चड्ढा और आंचलिक विज्ञान केंद्र के प्रधान क्यूरेटर एवं केंद्र प्रमुख साकेत सिंह कौरव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अंतरिक्ष विरासत पर विशेष प्रदर्शनी

कार्यक्रम के दौरान ‘प्राचीन आकाश से आधुनिक क्षितिज तक-भारत की अंतरिक्ष विरासत’ विषय पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इसके अलावा आगंतुकों के लिए ‘अंतरिक्ष अन्वेषण दीर्घा’ का विशेष मार्गदर्शित भ्रमण कराया गया। इसमें विशेषज्ञों ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा, अंतरिक्ष अन्वेषण और विज्ञान-तकनीक से जुड़े विषयों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

कक्षा 9वीं से 10वीं के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा 11वीं से 12वीं और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए आइडियाथॉन एवं इंटरैक्टिव मॉडल प्रतियोगिता हुई। वहीं कक्षा 6वीं से 8वीं के विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेकर अंतरिक्ष विज्ञान और भारत की अंतरिक्ष यात्रा को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

भारत की अंतरिक्ष यात्रा और भविष्य पर व्याख्यान

MCF, ISRO भोपाल के वैज्ञानिक एवं प्रबंधक अक्षय चौरे ने ‘विकसित भारत की ओर, नवाचार, सहयोग और वैश्विक अंतरिक्ष नेतृत्व की दिशा में नई आकांक्षाएं’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारत की अंतरिक्ष यात्रा, नवाचार, सहयोग और वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की बढ़ती भूमिका पर जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के अंत में क्विज, पोस्टर, आइडियाथॉन और इंटरैक्टिव मॉडल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि, वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।

Exit mobile version