शिवराज सिंह चौहान बोले- जरूरत के हिसाब से डालें खाद, पराली जलाने से बचें; हरियाणा के 28,422 परिवारों के लिए 1,343 करोड़ रुपये मंजूर
भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी से देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ की शुरुआत की। यह अभियान 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत कृषि वैज्ञानिक और संबंधित संस्थानों के अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को मिट्टी की सेहत सुधारने, संतुलित मात्रा में खाद का इस्तेमाल करने और प्राकृतिक खेती अपनाने के प्रति जागरूक करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेत और इंसान दोनों को बचाना जरूरी है। रासायनिक खादों और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मिट्टी की उर्वरता को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि सस्ती खाद मिलने का मतलब यह नहीं है कि उसका इस्तेमाल बिना जरूरत के किया जाए। यूरिया और डीएपी का उपयोग मिट्टी की जरूरत के अनुसार ही करना चाहिए।
सॉइल हेल्थ कार्ड देखकर डालें खाद
केंद्रीय मंत्री ने किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर खाद डालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सॉइल हेल्थ कार्ड देखकर यह तय किया जा सकता है कि खेत की मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है। जरूरत के मुताबिक खाद डालने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने फसल चक्र में बदलाव करने पर भी जोर दिया। लगातार एक ही तरह की फसल लेने के बजाय किसानों को बीच में चना, मसूर और अरहर जैसी दलहनी फसलें लगाने की सलाह दी। इससे मिट्टी में नाइट्रोजन की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलती है।
आधे एकड़ से शुरू करें प्राकृतिक खेती
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से कम से कम आधे एकड़ में प्राकृतिक खेती शुरू करने की अपील की। उन्होंने बीजामृत और घनजीवामृत जैसे पारंपरिक कृषि उपायों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान धीरे-धीरे प्राकृतिक खेती का दायरा बढ़ा सकते हैं। उन्होंने पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी में मौजूद सूक्ष्म जीवों, मित्र कीटों तथा केंचुओं को नुकसान पहुंचता है। खेतों की उर्वरता बनाए रखने के लिए पराली का उचित प्रबंधन जरूरी है।
हरियाणा के 28,422 परिवारों को पक्के मकान
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा के पात्र गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 28,422 पक्के मकानों के निर्माण की मंजूरी का पत्र सौंपा। इसके लिए 1,343.06 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने यह पत्र हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा को दिया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार खाद पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दे रही है। उन्होंने किसानों से खाद का संतुलित इस्तेमाल करने और मिट्टी की सेहत को प्राथमिकता देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने संतुलित खाद के इस्तेमाल, फसल चक्र अपनाने, पराली नहीं जलाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
*
