भोपाल। सामाजिक संस्था संस्कार सुधा फाउंडेशन की ओर से इस वर्ष भी ‘सतरंगी सावन’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 15 और 16 अगस्त 2026 को श्यामला हिल्स स्थित तुलसी मानस प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। आयोजन में महिला स्व-सहायता समूहों और गृह उद्योग से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
संस्कार सुधा फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. रश्मि अग्रवाल (सोनू दीदी) ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाली महिलाओं द्वारा तैयार आकर्षक घरेलू और हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
15 अगस्त को देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता
कार्यक्रम के पहले दिन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति आधारित नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागी देशभक्ति गीतों पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
16 अगस्त को तीज क्वीन और फैशन शो
दूसरे दिन 16 अगस्त को गृहणी महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। महिलाएं 16 श्रृंगार से सुसज्जित पारंपरिक वेशभूषा में तीज क्वीन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही फैशन शो भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शहर की अनेक प्रमुख हस्तियों के साथ करीब 1500 से अधिक अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।
महिलाओं को मिलेगा बाजार और मंच
‘सतरंगी सावन’ के माध्यम से स्व-सहायता समूहों और गृह उद्योग से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे लोगों तक पहुंचाने और बेचने का अवसर मिलेगा। आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा।
