राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती पर बांटे जाएंगे पौधे, सालभर होंगे सामाजिक कार्यक्रम

भोपाल। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती के अवसर पर राठौर क्षत्रिय समाज न्यू भोपाल और राठौर एकता मंच कोलार की ओर से विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर रविवार 9 अगस्त को शास्त्री नगर स्थित समाज के पंजीकृत कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 को राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के नाम समर्पित करते हुए पूरे साल सामाजिक गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि 13 अगस्त 2026, गुरुवार को राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर ग्यारह सौ क्वार्टर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। समाजजन हाथों में तिरंगा लेकर रैली के रूप में प्रतिमा स्थल पहुंचेंगे, जहां राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा पर भव्य रूप से माल्यार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक-पॉलिथीन के कम से कम उपयोग को लेकर समाजजनों को संकल्प भी दिलाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को जूट के बैग वितरित किए जाएंगे, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाई जा सके।
सावन में बांटे जाएंगे बेलपत्र के पौधे
जयंती कार्यक्रम के दौरान सावन के अवसर पर समाजजनों को बेलपत्र के पौधे वितरित किए जाएंगे। साथ ही ‘एक पेड़ जिंदगी के नाम’ अभियान के तहत पौधे बांटकर लोगों को उन्हें लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में वृक्षारोपण भी किया जाएगा।
बैठक में समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने तय किया कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के आदर्शों को समाज तक पहुंचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और सेवा से जुड़े कार्यक्रम पूरे वर्ष आयोजित किए जाएंगे।




