सखी संस्कार मंच ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव

जनों, नृत्य, क्विज, झूले और ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता ने बांधा समां

भोपाल। सखी संस्कार मंच के तत्वावधान में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन मां दुर्गा झांकी परिसर, डीके-5, दानिश कुंज, कोलार रोड में उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 महिलाओं ने भाग लिया। धार्मिक आस्था, भारतीय परंपरा और मनोरंजन से जुड़े इस आयोजन में महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

महोत्सव की शुरुआत हरियाली तीज के भजनों से हुई। इसके बाद महिलाओं ने नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग जमा दिया। हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तंबोला और पारंपरिक झूलों का भी महिलाओं ने जमकर आनंद लिया।

रचना श्रीवास्तव बनीं ‘तीज क्वीन’

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही। इसमें महिलाओं ने पारंपरिक परिधान, श्रृंगार, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रसिद्ध संगीतज्ञ श्रीमती निर्मला उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार दक्षा वैदकर और मधुरिमा राजपाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विभिन्न मानदंडों पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन करने के बाद रचना श्रीवास्तव को ‘तीज क्वीन’ चुना गया।

भारतीय परंपराओं से जोड़ना उद्देश्य

सखी संस्कार मंच की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सोनी ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय परंपरा और नारी उत्सव का प्रतीक है। मंच का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा आत्मीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने के साथ मिल-जुलकर त्योहारों का आनंद ले सकें।

उन्होंने कहा कि महोत्सव में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी उत्साहजनक रही। मंच की ओर से बताया गया कि वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से भारतीय परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं के बीच आपसी सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Exit mobile version