सहारनपुर हत्याकांड: भाजपा नेता ने पत्नी और तीन बच्चों को मारी गोली, तीन की मौत

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के सांगाठेड़ा गांव में भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चला दी। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

बेरहमी से अंजाम दी वारदात

घटना के समय बच्चे अपने पिता से रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन आरोपी ने बेरहमी से गोली मार दी। बेटी श्रद्धा (8) पिता के पैरों में लिपट गई और रोते हुए कहा- ‘पापा, प्लीज हमें मत मारो’, लेकिन आरोपी ने बिना किसी दया के उसके सिर पर गोली चला दी। इसके बाद दोनों बेटे देवांश (7) और शिवांश (4) भागने लगे, लेकिन आरोपी ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी।

हत्या के पीछे चरित्र संदेह की कहानी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे यह भी शक था कि उसका छोटा बेटा शिवांश उसका नहीं है और वह डीएनए टेस्ट कराना चाहता था।

भाजपा नेता ने खुद पुलिस को दी वारदात की सूचना

योगेश ने खुद पुलिस को फोन कर बताया कि उसने पत्नी और बच्चों को मार दिया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पिस्टल जब्त कर ली।

पुलिस जांच में सामने आई ये बातें:

आरोपी 2013 में लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। दो महीने से पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। योगेश भाजयुमो का जिला उपाध्यक्ष रह चुका है और पार्टी से कई बार निलंबित किया गया था। वारदात के बाद चेहरे पर शिकन तक नहीं थी, लेकिन गिरफ्तार होने के बाद गुमसुम बैठा रहा।

भाई ने दर्ज कराया केस, सख्त कार्रवाई की मांग

नेहा के भाई रजनीश ने गंगोह पुलिस स्टेशन में आरोपी योगेश के खिलाफ केस दर्ज कराया।

Exit mobile version