मिनाल रेजिडेंसी में नारी गौरव संगठन ने मनाया हरियाली तीज उत्सव, 65 महिलाओं ने लिया हिस्सा
भोपाल। सावन की फुहार, हरे परिधानों की छटा और पारंपरिक गीतों की मधुर धुनों के बीच मिनाल रेजिडेंसी में नारी गौरव संगठन की ओर से हरियाली तीज उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 65 महिलाओं ने हिस्सा लिया। महिलाओं ने सावन गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया।
आयोजन में मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पर्वों की जानकारी पर भी जोर दिया गया। तीज और भारतीय व्रत-त्योहारों से जुड़ी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके माध्यम से महिलाओं को त्योहारों के धार्मिक और सामाजिक महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
35 हरी चीजें पहनकर साधना बनीं हरियाली क्वीन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘हरियाली क्वीन’ प्रतियोगिता रही। इसमें साधना सिन्हा को हरियाली क्वीन चुना गया। आयोजकों के अनुसार उन्होंने हरे रंग की 35 चीजें धारण की थीं। उनके श्रृंगार में पायल और बिछिया भी शामिल थीं।
पारंपरिक परिधान और सोलह श्रृंगार के साथ उनकी प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में मंजू तोमर, प्रियंका शर्मा और नीलम विजेता रहीं। निर्णायक मंडल में हेमलता राजपूत और प्रियंका भाटिया शामिल थीं।
‘नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना जरूरी’
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पार्षद शिरोमणि शर्मा ने महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज जैसे पर्व भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहार केवल उत्सव और उमंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें परिवार, प्रकृति, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश भी है। आधुनिक दौर में ऐसे आयोजनों की जरूरत और बढ़ गई है, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।
‘महिलाओं को संस्कृति से जोड़ना हमारा उद्देश्य’
नारी गौरव संगठन की संस्थापक अभिलाषा श्रीवास्तव ने कहा कि हरियाली तीज भारतीय परंपरा में नारी शक्ति, सौभाग्य और पारिवारिक मंगलकामना का प्रतीक है। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाएं एक-दूसरे से जुड़ती हैं और नई पीढ़ी को भी भारतीय परंपराओं की जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पूजा भाटिया ने उपहार प्रदान किए। सावन गीत, नृत्य और पारंपरिक गतिविधियों के बीच महिलाओं ने उत्साह के साथ हरियाली तीज मनाई।
पूरे आयोजन के दौरान मिनाल रेजिडेंसी का माहौल हरियाली और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। नारी गौरव संगठन की संस्थापक अभिलाषा श्रीवास्तव, कविता श्रीवास्तव और आशा राघव ने कहा कि आगे भी महिलाओं को केंद्र में रखकर सांस्कृतिक, सामाजिक और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
