साजं वेलफेयर सोसाइटी का जीव सेवा अभियान: पक्षियों को दी नई उड़ान, गौसेवा और मछलियों को कराया आहार

भोपाल। सामाजिक सरोकारों और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से साजं वेलफेयर सोसाइटी ने राजधानी में सेवा अभियान चलाया। अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने मंदिर परिसर में पिंजरों में बंद पक्षियों को मुक्त कर खुले आसमान में उड़ान भरने का अवसर दिया। संस्था के अनुसार, अब तक वह 5,000 से अधिक पक्षियों को आज़ाद करा चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है।

सेवा गतिविधियों के तहत सदस्यों ने तालाब में मछलियों को आहार कराया और मंदिर परिसर स्थित गौशाला में गायों को हरा चारा एवं भोजन खिलाकर गौसेवा भी की। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने जीव-जंतुओं के प्रति दया, करुणा और सेवा की भावना को समाज में बढ़ावा देने का संदेश दिया।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि पशु-पक्षियों और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि सामाजिक सह-अस्तित्व और मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करती है। उनका कहना था कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में जीव-जंतुओं और पर्यावरण के प्रति थोड़ी-सी जिम्मेदारी निभाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से मिलने वाली आत्मिक संतुष्टि व्यक्ति को बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है। संस्था भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता और सेवा अभियानों को निरंतर जारी रखेगी।

इस अवसर पर रुचिता जैन, अरुण कुमार जैन, रीता मूलचंदानी, शिखा जोशी, पूर्वा त्रिवेदी, अक्षिता जैन, नितिन राय, हर्षित जैन, अजय सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version