ट्रांसफर के 10 दिन बाद भी रिलीव नहीं हुए राजस्व निरीक्षक, पटवारियों को मिल चुका है कार्यमुक्ति आदेश
नए स्थान पर पदस्थापना को लेकर इंतजार, बच्चों के स्कूल एडमिशन की चिंता
भोपाल। राजस्व विभाग की ओर से स्थानांतरण आदेश जारी होने के 10 दिन बाद भी जिले के कई राजस्व निरीक्षकों को अब तक कार्यमुक्त (रिलीव) नहीं किया गया है। वहीं दूसरी ओर स्थानांतरित किए गए पटवारियों को तत्काल रिलीव कर दिया गया, जिसके बाद वे अपनी नई पदस्थापना वाली तहसीलों में सेवाएं दे रहे हैं।
राजस्व विभाग ने 15 जून को राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए थे। आदेश जारी होने के बाद पटवारियों को तो समय पर कार्यमुक्त कर दिया गया, लेकिन राजस्व निरीक्षक अभी भी अपने पुराने मुख्यालय से रिलीव होने का इंतजार कर रहे हैं।
इस मामले में अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन एडीएम और कलेक्टर से मोबाइल पर बात नहीं हो सकी।
वरिष्ठ अधिकारियों से कर चुके हैं निवेदन
स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद रिलीव नहीं किए जाने से परेशान राजस्व निरीक्षकों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द कार्यमुक्त करने का अनुरोध भी किया है। कर्मचारियों का कहना है कि स्थानांतरण के बाद उन्हें नई जगह जिम्मेदारी संभालने की उम्मीद थी, लेकिन देरी के कारण परेशानी बढ़ रही है।
10 राजस्व निरीक्षकों का हुआ था स्थानांतरण
जिले की विभिन्न तहसीलों में करीब 40 राजस्व निरीक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से 10 राजस्व निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया था। वहीं करीब 40 पटवारियों के भी तबादले हुए थे, जिन्हें रिलीव कर दिया गया है।
राजस्व निरीक्षकों का कहना है कि स्थानांतरण के बाद समय पर कार्यमुक्त नहीं होने से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने में देरी हो रही है।
बच्चों के स्कूल एडमिशन को लेकर चिंता
स्थानांतरित राजस्व निरीक्षकों को सबसे अधिक चिंता अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर है। उनका कहना है कि यदि रिलीव होने में और देरी हुई तो नए स्थान पर बच्चों के स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। स्कूलों में प्रवेश की अंतिम तिथियां निकलने के बाद बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
राजस्व निरीक्षकों ने प्रशासन से जल्द कार्यमुक्त करने की मांग की है, ताकि वे समय पर नई जगह पदभार संभाल सकें और पारिवारिक व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से कर सकें।