State

भोपाल में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, कच्चा चबूतरा तोड़ा, कुर्सी-टेबल समेत सामान जब्त

भोपाल नगर निगम ने शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। गांधी नगर में कच्चा चबूतरा तोड़ा, अयोध्या बायपास पर सर्विस रोड खुलवाई और कुर्सी, टेबल, स्टूल सहित कई सामान जब्त किए।

भोपाल। नगर निगम ने शहरभर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कई इलाकों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान गांधी नगर में अवैध कच्चा चबूतरा तोड़ा गया, जबकि अयोध्या बायपास पोस्ट ऑफिस के सामने सर्विस रोड पर बंद रास्ते को खुलवाया गया। इसके साथ ही फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाकर बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की।

इन क्षेत्रों में चला अभियान

कार्रवाई कोलार, ललिता नगर, बंजारी, जेके हॉस्पिटल, दानिश चौराहा, नेहरू नगर, माता मंदिर, भारत माता चौराहा, सैर सपाटा, भदभदा, एमपी नगर, न्यू मार्केट, टीटी नगर, गिन्नौरी, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट, कोहेफिजा, भोपाल टॉकीज, अशोका गार्डन, रायसेन रोड, पिपलानी, सोनागिरी, आनंद नगर, अयोध्या बायपास, एयरपोर्ट रोड और गांधी नगर सहित कई क्षेत्रों में की गई।

वाहन हटाए, रास्ता कराया साफ

नगर निगम की टीम ने बाग फरहत अफजा से आवागमन में बाधा बन रहे चार चारपहिया वाहन हटाए। इसके अलावा गिन्नौरी से एक चारपहिया वाहन और ओल्ड सुभाष नगर से एक आइसक्रीम ठेला हटाया गया।

बड़ी मात्रा में सामान जब्त

अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान, फुटपाथ पर लगी फल-सब्जी और कपड़ों की दुकानें, ठेले, गुमटियां, पान पार्लर, काउंटर और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान 10 कुर्सियां, 14 टेबल, 8 प्लास्टिक स्टूल, 4 लोहे की बेंच और 30 पन्नियां जब्त कीं।

नगर निगम ने कहा है कि शहर में यातायात सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles