State

राष्ट्रवीर दुर्गादास जयंती पर पौधों का वितरण और तिरंगा यात्रा निकालेगा राठौर क्षत्रिय समाज

भोपाल। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की जयंती के अवसर पर राठौर क्षत्रिय समाज न्यू भोपाल और राठौर क्षत्रिय समाज एकता मंच के संयुक्त तत्वावधान में 13 अगस्त 2026, गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के तहत राठौर समाज के लोग ग्यारह सौ क्वार्टर स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास चौराहा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाजजनों को पौधों का वितरण किया जाएगा। लोगों से ‘एक पेड़ जिंदगी के नाम’ लगाने की अपील भी की जाएगी।

आयोजकों के मुताबिक, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर घरों में पूजन के लिए समाजजनों को भारत माता की तस्वीर भी वितरित की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

राठौर क्षत्रिय समाज न्यू भोपाल के अध्यक्ष अनूप राठौर, महामंत्री रमेश राठौर तथा राठौर एकता मंच के अध्यक्ष प्रेम नारायण राठौर ने समाजजनों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता से सामाजिक एकता और अखंडता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने समाजजनों से अपना समय समाजसेवा के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।

Related Articles