मोती मस्जिद की बेरिकेडिंग हटाने की मांग को लेकर व्यापारियों की रैली, 7 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद की चेतावनी

भोपाल। पुराने शहर के व्यापारियों ने मंगलवार को मोती मस्जिद चौराहे पर लगी बेरिकेडिंग हटाने की मांग को लेकर रैली निकाली। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से लगी बेरिकेडिंग के कारण चौक, सराफा, लखेरापुरा, जुमेराती, बुधवारा और इब्राहिमपुरा जैसे प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है।

व्यापारियों के अनुसार, बेरिकेडिंग की वजह से लोगों को बाजार पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

दमकल की आवाजाही में देरी का मुद्दा भी उठाया

रैली के दौरान व्यापारियों ने 1 अगस्त को चौक बाजार की एक कपड़ा दुकान में लगी आग का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि मोती मस्जिद चौराहे पर लगी बेरिकेडिंग के कारण दमकल वाहन को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा, जिससे मौके पर पहुंचने में देरी हुई।

7 अगस्त तक कार्रवाई नहीं हुई तो बाजार बंद

रैली के बाद लखेरापुरा स्थित मोती मन्नू धर्मशाला में व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 7 अगस्त तक बेरिकेड्स नहीं हटाए गए तो पुराने शहर के व्यापारी बाजार बंद कर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि मौजूदा व्यवस्था से व्यापार के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।

रैली में भोपाल व्यापारी महासंघ, श्री सराफा एसोसिएशन, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ, ओल्ड भोपाल होलसेल रेडीमेड संघ, आजाद मार्केट व्यापारी संघ, नदीम रोड व्यापारी संघ और इब्राहिमपुरा व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। व्यापारियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version