State

रेल मंत्री ने पश्चिम मध्य रेल को ओवरऑल एफिशियंसी और बिक्री प्रबंधन शील्ड से किया सम्मानित

महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी बधाई, कहा समर्पण और नवाचार से मिली यह उपलब्धि

भोपाल। भारतीय रेल के 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार–2025 के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल (पमरे) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि), द्वारका में आयोजित भव्य समारोह में पश्चिम मध्य रेल को ओवरऑल दक्षता शील्ड (गोविन्द बल्लभ पंत) एवं बिक्री प्रबंधन शील्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय एवं अपर महाप्रबंधक प्रमोद कुमार खत्री ने गोविन्द बल्लभ पंत ओवरऑल एफिशियंसी शील्ड ग्रहण की, जबकि बिक्री प्रबंधन शील्ड महाप्रबंधक  शोभना बंदोपाध्याय एवं प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक मनोज कुमार गुप्ता द्वारा प्राप्त की गई।

मुख्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई बधाई

सोमवार 12 जनवरी 2026 को पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। महाप्रबंधक ने विशेष रूप से स्टोर विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान टीमवर्क, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी सभी विभाग मिलकर इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए पश्चिम मध्य रेल को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगे।

किन उपलब्धियों के आधार पर मिला सम्मान

ओवरऑल एफिशियंसी (गोविन्द बल्लभ पंत) शील्ड एवं बिक्री प्रबंधन शील्ड के लिए पश्चिम मध्य रेल द्वारा बीते एक दशक में किए गए प्रमुख कार्यों में पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) में निरंतर वृद्धि, स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ का कोटा मंडल में देश में पहली बार सफल कमीशनिंग, कटनी में भारतीय रेल का सबसे लंबा ग्रेड सेपरेटर (अप लाइन), कोटा मंडल में वंदे भारत ट्रेनों के स्पीड ट्रायल, ऊर्जा प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नई रेल लाइनों का निर्माण, दोहरीकरण एवं तिहरीकरण, रेल फ्लाईओवर, स्क्रैप बिक्री में बढ़ोतरी, यात्री सुविधाओं का विस्तार, परिचालन सुधार और संरक्षा-सुरक्षा के कार्य, डिजिटल तकनीक का उपयोग, स्टेशन पुनर्विकास, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पहल, तकनीकी नवाचार और नई रेल सेवाओं की शुरुआत शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से पश्चिम मध्य रेल ने भारतीय रेल में एक सशक्त और अग्रणी पहचान स्थापित की है।

बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री प्रमोद कुमार खत्री, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा सहित सभी प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। यह सम्मान पश्चिम मध्य रेल के समर्पित प्रयासों और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का प्रमाण है, जिसने इसे भारतीय रेल के अग्रणी जोनों में शामिल किया है।

Related Articles