भोपाल। पश्चिम-मध्य रेलवे मजदूर संघ की मुख्य शाखा के बैनर तले कर्मचारियों ने लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सहायक मंडल अभियंता (एडीईएन) कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए विभिन्न प्रशासनिक विसंगतियों के खिलाफ आक्रोश जताया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
मजदूर संघ के अनुसार शाखा के अधीन विभिन्न इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों ने साइकिल अलाउंस का एरियर भुगतान, ट्रैक पर कार्यरत कर्मचारियों को सेफ्टी गियर, सुरक्षा जूते और वाटर बोतल उपलब्ध कराने, यूनिटों के टूल रूम के रखरखाव, चाबीदारों से गैंग का कार्य कराए जाने तथा कुछ कर्मचारियों से कथित रूप से नियमों के विरुद्ध कार्य लिए जाने जैसी समस्याएं मुख्य शाखा सचिव अनिरुद्ध सोनी के समक्ष रखीं।
इन मुद्दों की जानकारी महामंत्री अशोक शर्मा को दी गई। इसके बाद मंडल सचिव कमलेश परिहार के निर्देश पर मुख्य शाखा सचिव अनिरुद्ध सोनी कर्मचारियों के साथ सहायक मंडल अभियंता (अनुरक्षण), भोपाल कार्यालय पहुंचे, जहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन और नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सहायक मंडल अभियंता (अनुरक्षण), भोपाल को सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
मजदूर संघ के मुताबिक, सहायक मंडल अभियंता ने कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।