भोपाल। मुंबई में जैन मंदिर तोड़ने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना और नीमच में जैन मुनियों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार के विरोध में भोपाल के जैन समाज ने तीव्र आक्रोश जताया है। समाज ने मंगलवारा जैन मंदिर के सामने शांतिपूर्ण धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुज़ुर्ग और बच्चों ने भाग लिया।
धरना स्थल पर काली पट्टियां बांधकर समाजजनों ने शांतिपूर्वक विरोध प्रकट किया। प्रदर्शन में बच्चों और महिलाओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर जैन मंदिरों की सुरक्षा, धार्मिक स्वतंत्रता और मुनियों के साथ हुए अत्याचार की पुनरावृत्ति न हो – जैसे संदेश लिखे गए थे। समाज का कहना है कि जैन समाज के खिलाफ लगातार हो रही घटनाएं धार्मिक सहिष्णुता और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
धरने का नेतृत्व पंचायत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद हिमांशु और मंदिर कमेटी के अध्यक्ष आदित्य मनिया ने किया। समाज के मीडिया प्रभारी अंशुल जैन ने बताया कि धरने में पूर्व अध्यक्ष ऋषभ जैन, विजय जैन (रद्दी मंत्री), सुनील सिंघई, पंकज प्रधान, संजय मुंगावली, कमल अजमेर, महेंद्र हुंडी, और अन्य कई समाज के विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महिला मंडल, बहू मंडल सहित समाज की कई संस्थाओं ने भी अपनी भागीदारी दी। धरना शांतिपूर्ण रहा और इसके उपरांत समाज की ओर से प्रधानमंत्री, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया, जिसमें मांग की गई कि जैन समाज के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही हो।
धरने में आप नेता विशाल छावनी, डॉक्टर राजेश जैन, अशोक मोदी, मनीष सिंघई, अशोक अजमेरा, अन्नू जैन, प्रदीप जैन, अनिल जैन, संध्या जैन, अनीता जैन, सुरेंद्र परसोंन, पिंटू जैन, सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
मुंबई में जैन मंदिर तोड़ने की घटना पर भोपाल में जैन समाज का विरोध प्रदर्शन, काली पट्टियां बांध जताया आक्रोश
