14 लाख रुपये से अधिक संपत्तिकर बकाया, निगम ने भवन सील किया

मालवीय नगर में कार्रवाई, नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं करने पर कुर्की और तालाबंदी
भोपाल। संपत्तिकर और अन्य करों की बकाया राशि जमा नहीं करने पर नगर निगम ने मालवीय नगर में एक भवन को सील कर दिया। भवन स्वामी पर संपत्तिकर सहित अन्य करों के कुल 14 लाख 4 हजार 510 रुपये बकाया थे। निगम के जोन-7 के अमले ने शुक्रवार को वार्ड-34 स्थित भवन क्रमांक-1 के खिलाफ यह कार्रवाई की।
नगर निगम के अनुसार, भवन स्वामी रतनजीत सिंह को बकाया कर जमा करने के लिए पहले विधिवत नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद निगम अमले ने नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 175 के तहत भवन के पूरे हिस्से को कुर्क कर सील करने की कार्रवाई की।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार सहित अन्य करों और शुल्कों की प्रभावी वसूली के निर्देश दिए हैं। साथ ही बकाया राशि जमा नहीं करने वाले करदाताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। इसी के तहत जोन-7 की टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई सहायक आयुक्त विजय तिवारी के निर्देशन में जोन अधिकारी अंकित जायसवाल, वार्ड प्रभारी और अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में की गई।





