
भोपाल, 29 जुलाई। गुरुपूर्णिमा एवं महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व के अवसर पर टी.टी. नगर स्थित कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में जिला स्तरीय गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले 20 विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पार्षद श्रीमती राजू अनेजा रहीं। इस अवसर पर लोक शिक्षण संचालक डी.एस. कुशवाहा, संयुक्त संचालक धर्मेंद्र शर्मा, उप संचालक कनक प्रसाद, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) सिद्धार्थ जैन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजेता सूर्यवंशी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत एवं 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम देने वाले जिले के 20 विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यालयों में कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय, शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री नवीन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय हाई स्कूल नेहरू तथा सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निशातपुरा और बरखेड़ी प्रमुख रहे। इसके अलावा अपने-अपने विषयों में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
महर्षि सांदीपनि को समर्पित इस आयोजन में वक्ताओं ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चा गुरु केवल ज्ञान का प्रसारक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का निर्माता भी होता है। कार्यक्रम का समापन शिक्षा में गुणवत्ता और उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।





