
भोपाल। भारतीय रेल ने ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मध्यप्रदेश के गुना स्थित मियाना रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार–2025 से सम्मानित किया। यह पुरस्कार परिवहन श्रेणी (रेलवे स्टेशन) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने ग्रहण किया।
ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह प्रतिष्ठित सम्मान ऊर्जा संरक्षण में उत्कृष्ट और नवाचारपूर्ण प्रयासों को मान्यता देता है। मियाना स्टेशन को एलईडी लाइटिंग, बीएलडीसी पंखों तथा 30–70 प्रतिशत स्मार्ट लाइटिंग सर्किट संचालन प्रणालियों के प्रभावी उपयोग के लिए चुना गया है। इन उपायों के माध्यम से स्टेशन ने 9,687 यूनिट बिजली की बचत हासिल की, जो लागत में कमी के साथ पर्यावरणीय संरक्षण की दिशा में भी एक मजबूत कदम है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह उपलब्धि ऊर्जा दक्षता, किफायती संचालन और सतत विकास के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। मियाना रेलवे स्टेशन अब सतत और पर्यावरण-अनुकूल संचालन के एक आदर्श मॉडल के रूप में उभर रहा है, जिसे अन्य स्टेशनों पर भी अपनाया जा सकता है।
भारतीय रेलवे का यह प्रयास न केवल ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देता है, बल्कि हरित भविष्य की दिशा में भी एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है।



