भोपाल। राजधानी में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत करीब 1,500 नए आवासों के निर्माण की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। नगर निगम भोपाल ने तीन नए आवासीय प्रोजेक्ट शुरू करने की रूपरेखा तैयार कर ली है। प्रस्ताव पर अधिकारियों के बीच सहमति बन चुकी है और अब मंत्रालय से अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
नगर निगम अधिकारियों ने मंगलवार को आयोजित बैठक में प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार, परियोजनाओं को अमल में लाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज मुख्य सचिव और एसीएस के साथ होगी चर्चा
जानकारी के अनुसार बुधवार को नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य सचिव (सीएस) और अपर मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान परियोजना को अंतिम प्रशासनिक मंजूरी दिलाने पर चर्चा होगी। सूत्रों का दावा है कि प्रस्ताव को मौखिक सहमति पहले ही मिल चुकी है और अब औपचारिक स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।
इन तीन स्थानों पर बनेंगे आवास
प्रस्ताव के अनुसार शहर के नयापुरा (जेल रोड क्षेत्र), मुख्य रेलवे स्टेशन के पास ईरानी डेरा क्षेत्र और बीएचईएल स्थित कस्तूरबा नगर में नए आवासीय प्रोजेक्ट विकसित किए जाएंगे।
इन परियोजनाओं में स्लम पुनर्विकास, नॉन-स्लम श्रेणी और 2 बीएचके आवासों का निर्माण प्रस्तावित है। तीनों परियोजनाओं में मिलाकर लगभग 1,500 आवास बनाए जाने की योजना है। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।