State

पुलिस सैलरी पैकेज बना परिवार का सहारा, दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिजनों को ₹1.23 करोड़

भोपाल, 13 अगस्त 2026। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की मृत्यु होने पर उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की पुलिस सैलरी पैकेज योजना महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। राजगढ़ में ड्यूटी के दौरान दिवंगत प्रधान आरक्षक के परिवार को इस योजना के तहत ₹1 करोड़ 23 लाख की आर्थिक सहायता दी गई। साथ ही उनके बेटे को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति भी दी गई है।

थाना ब्यावरा सिटी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सर्जन भील की 6 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक, फूलखेड़ी शाखा, राजगढ़ के माध्यम से उनके परिवार को बीमा सहायता राशि स्वीकृत की गई।

पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी ने दिवंगत प्रधान आरक्षक के आश्रित पिता रामदयाल भील और पत्नी वर्षा भील को ₹1.23 करोड़ की सहायता राशि का चेक सौंपा। वहीं उनके पुत्र शरद भील को बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील है तथा कठिन समय में उन्हें आर्थिक और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

पुलिसकर्मियों को मिलती हैं कई वित्तीय सुविधाएं

पुलिस सैलरी पैकेज खाते के जरिए पुलिसकर्मियों को कई वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इनमें आकस्मिक मृत्यु बीमा कवर, होम लोन पर विशेष ब्याज दर, मुफ्त डेबिट कार्ड और परिवार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

यह योजना ड्यूटी के दौरान किसी पुलिसकर्मी के साथ अनहोनी होने की स्थिति में उसके परिवार को तत्काल आर्थिक सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Related Articles