State

अशोका गार्डन में पुलिस कमिश्नर का जनसंवाद, ट्रैफिक, अवैध शराब और गश्त बढ़ाने की मांग उठी

भोपाल। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मंगलवार को अशोका गार्डन थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी में नागरिकों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था, यातायात और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए, जिनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जनसंवाद में एक नागरिक ने बताया कि कोरोना काल में डेयरी संचालित होने के बावजूद उसके खिलाफ किराना दुकान संचालित करने का प्रकरण दर्ज किया गया था। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

रहवासियों ने नमाज के दौरान सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इससे विशेष रूप से स्कूली विद्यार्थियों और आम लोगों को परेशानी होती है। लोगों ने यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग की।

नागरिकों ने शाम 7 से 9 बजे के बीच पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इस समय बाहरी लोगों का पार्कों में जमावड़ा रहता है। साथ ही पार्क नंबर-2 में कारों में बैठकर शराब पीने वालों और 80 फीट रोड पर खुलेआम शराब सेवन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की भी मांग की गई।

कॉलोनी में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

जनसंवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने साइबर अपराध, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें। साथ ही मादक पदार्थों और अवैध हथियारों से संबंधित जानकारी 7587648330 पर साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles