State

मध्यप्रदेश में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, 5 दिन में 31 हथियार जब्त

भोपाल, 12 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पिछले पांच दिनों में बुरहानपुर, खरगोन, सागर और इंदौर में 31 अवैध हथियार जब्त कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान पिस्टल, रिवॉल्वर, देशी कट्टे, कारतूस, मैगजीन, हथियार बनाने का सामान और तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किए गए।

बुरहानपुर में 13 पिस्टल और 45 कारतूस बरामद

बुरहानपुर के खकनार थाना पुलिस ने 9 अगस्त को कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। हथियारों की कीमत करीब 3.72 लाख रुपये और परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की कीमत 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी से हथियारों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

खरगोन में स्कॉर्पियो से 10 पिस्टल मिलीं

खरगोन के बिस्टान थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 अवैध देशी पिस्टल बरामद कीं। हथियार बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सीट के नीचे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से हथियार खरीदने पहुंचे थे। पुलिस अब सिगनूर क्षेत्र के उस व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है, जिससे हथियार खरीदने की जानकारी सामने आई है।

इंदौर में चार आरोपी गिरफ्तार

इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार पिस्टल, एक रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।

सागर में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा

सागर के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से देशी कट्टा, रिवॉल्वर, पिस्टल और तीन कारतूस के अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली ड्रिल मशीन, हथौड़ा, पाइप, लोहे की रॉड, स्प्रिंग, नाल, स्क्रू और अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, इन कार्रवाइयों के जरिए हथियार निर्माण से लेकर तस्करी, खरीदी-बिक्री और परिवहन तक जुड़े नेटवर्क को चिन्हित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles