पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, उसकी देखभाल और सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी : गोविंद सिंह राजपूत

आरोग्य भारती के पौधरोपण कार्यक्रम में खाद्य मंत्री ने किया पौधरोपण, 501 पौधे लगाने और उनके संरक्षण का लिया संकल्प
सागर। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आरटीओ परिसर सागर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आरोग्य भारती, महाकौशल प्रांत की जिला सागर इकाई के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि केवल पौधा लगाकर फोटो खिंचवाना पौधरोपण का उद्देश्य नहीं होना चाहिए। पौधा लगाने के बाद उसे पानी देना, पशुओं से बचाना और उसके विकास की नियमित निगरानी करना भी उतना ही जरूरी है। जब पौधा वृक्ष बनता है तो उसका लाभ वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलता है।
वृक्ष जीवन का आधार
मंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने वृक्षों को जीवन का आधार माना और अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें। पेड़ हमें शुद्ध हवा, छाया, फल और अनेक प्राकृतिक संसाधन देते हैं। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरण को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को लेकर देशभर में जनभागीदारी के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों के साथ हरित क्षेत्र बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
501 पौधे लगाए गए
आरोग्य भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. सुखदेव मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम में हाईब्रिड आम, गुलमोहर, कनेर और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के 501 पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।
पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने पौधरोपण में सहभागिता की। सभी ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरित बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आरोग्य भारती के पर्यावरण प्रमुख अनिल भट्ट, जिला सचिव आशीष पटेल, डॉ. डी.पी. चौबे, हरिराम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. वीरेंद्र पाठक सहित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रकृति की सेवा वास्तव में मानवता की सेवा है। इसलिए पौधरोपण को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करना जरूरी है।





