RNTU में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर ‘कैप्चर मोमेंट्स, टेल स्टोरीज़’ थीम पर फोटो वॉक

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (RNTU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर ‘कैप्चर मोमेंट्स, टेल स्टोरीज़’ थीम पर एक दिवसीय कार्यशाला और कैंपस फोटो वॉक का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की तकनीकी जानकारी के साथ तस्वीरों के जरिए कहानी कहने की कला से परिचित कराना था।

कार्यशाला में फोटोग्राफी विशेषज्ञ एवं रिसोर्स पर्सन उत्कर्ष काटे ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को कैमरे की बेसिक सेटिंग्स, एक्सपोजर ट्रायंगल यानी ISO, शटर स्पीड और अपर्चर, कंपोजिशन, फ्रेमिंग और प्रकाश के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सही तकनीक और रचनात्मक सोच के जरिए एक तस्वीर प्रभावी तरीके से पूरी कहानी बयां कर सकती है।

विद्यार्थियों ने कैमरे में कैद किए अलग-अलग रंग

कार्यशाला के बाद आरएनटीयू परिसर में कैंपस फोटो वॉक आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने परिसर के प्राकृतिक सौंदर्य, मानवीय भावनाओं और रोजमर्रा की गतिविधियों से जुड़े विभिन्न दृश्यों को कैमरे में कैद किया। पत्रकारिता विभाग से विकास त्रिवेदी, इरा मंडल, प्रीति भारद्वाज, सृष्टि मिश्रा और महक चौहान सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तस्वीरों से संवाद की कला सीखना जरूरी

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जोहरी ने आयोजन के लिए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और मीडिया स्टूडियो टीम को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के समन्वयक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. योगेश पटेल ने कहा कि पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में एक प्रभावशाली तस्वीर बिना शब्दों के भी मजबूत संवाद स्थापित कर सकती है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के व्यावहारिक और रचनात्मक कौशल को बढ़ाने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

संकाय की डीन डॉ. रुचि मिश्रा तिवारी ने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण मीडिया शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने कौशल को निखारने और वास्तविक परिस्थितियों में उसका इस्तेमाल करने का अवसर मिलता है।

मीडिया स्टूडियो प्रमुख रोहित श्रीवास्तव ने फोटोग्राफी की तकनीकी विशेषताओं और डिजिटल मीडिया में तस्वीरों की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

Exit mobile version