State

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की हड़ताल, सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप

भोपाल, 3 अगस्त। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के बैनर तले सोमवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में पटवारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल की। संघ का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके विरोध में यह आंदोलन शुरू किया गया है।

मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने बताया कि संघ ने सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें कैडर रिव्यू लागू करना, पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा आयोजित करना, जज प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना, लंबित वित्तीय भुगतानों का निराकरण तथा पदाधिकारियों के कथित नियमविरुद्ध तबादलों को रोकना शामिल है।

संघ का आरोप है कि इन मांगों को पिछले वर्ष भी दो बार मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। पटवारी नेताओं का यह भी कहना है कि संघ के पदाधिकारियों को परेशान किया जाता है और उनके तबादले कर संगठनात्मक गतिविधियों में बाधा उत्पन्न की जाती है।

पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक प्रदेशव्यापी हड़ताल जारी रहेगी। वहीं, हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

Related Articles