भोपाल। प्रांतीय पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मंगलवार को भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पटवारियों के लिए समयमान वेतनमान, पदोन्नति, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती सहित अन्य लंबित मांगों के निराकरण की मांग की गई। संघ का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों पर निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर विभागीय स्तर पर विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रांतीय पटवारी संघ के प्रांत अध्यक्ष अश्विन सैनी, कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष विमल सहित संघ के अन्य पदाधिकारी और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
