अंशकालीन कर्मचारी 24 नवंबर को देंगे महा धरना, अपनी पांच सूत्रीय मांगों पर करेंगे सरकार से सवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश के अंशकालीन कर्मचारी अपनी लंबित मांगों के समर्थन में 24 नवंबर को राजधानी भोपाल के अंबेडकर जयंती मैदान, तुलसी नगर में महा धरना देंगे। यह आयोजन मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के बैनर तले होगा, जिसमें मुख्यमंत्री को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस निर्णय की घोषणा अंशकालीन कर्मचारियों की महासमिति की बैठक में की गई। बैठक में प्रमुख रूप से अशोक पांडे, महेंद्र सारस, प्रमोद बर्डे, उमाशंकर पाठक, सुरेश सिंह ठाकुर, अंगूरी बाई और सुनीता सोनी शामिल हुए।
अंशकालीन कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
मंच के प्रांताध्यक्ष अशोक पांडे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि महा धरना अंशकालीन कर्मचारियों की निम्नलिखित मांगों को लेकर आयोजित किया जा रहा है:
1. अंशकालीन कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
2. पूर्णकालिक दैनिक वेतनभोगी के रूप में मान्यता दी जाए और ₹10,000 का कलेक्टर दर वेतन दिया जाए।
3. पेंशन, मेडिकल सुविधा और महंगाई भत्ते का लाभ प्रदान किया जाए।
4. ₹10 लाख की ग्रेच्युटी भुगतान की व्यवस्था की जाए।
5. अनुकंपा नियुक्ति का लाभ दिया जाए।
सरकार की अनदेखी पर नाराजगी
अंशकालीन कर्मचारियों का कहना है कि पिछले 20 वर्षों में उनकी किसी भी मांग को सरकार ने स्वीकार नहीं किया है। न वेतन में वृद्धि हुई, न ही महंगाई भत्ते का लाभ मिला। इसलिए अब यह आंदोलन सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है।





