एम्स भोपाल में अंगदान दिवस मनाया, अंगदाता परिवारों का सम्मान; अब तक 3 हार्ट और 23 किडनी ट्रांसप्लांट

भोपाल। एम्स भोपाल में सोमवार को “एक दाता, अनेक जीवन” थीम के साथ अंगदान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करना और अंगदाता परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था। इस अवसर पर अंगदाता परिवारों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर रहे, जबकि अभिनेता सत्यजीत दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विकास गुप्ता, किरण फाउंडेशन के प्रतिनिधि राकेश भार्गव, डॉ. सुनैना तेजपाल कर्णा, डॉ. योगेश निवारिया और डॉ. केतन मेहरा सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।

अंगदान जागरूकता सप्ताह के तहत एम्स भोपाल ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक वॉकाथॉन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और फिल्म “ये जिंदगी” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया। इन गतिविधियों के माध्यम से अंगदान का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया गया।

अभिनेता सत्यजीत दुबे ने कहा कि उनकी फिल्म “ये जिंदगी” अंग प्रत्यारोपण जागरूकता को समर्पित है। उन्होंने लोगों से अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

अपने संबोधन में प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। एक व्यक्ति का निर्णय कई लोगों को नया जीवन दे सकता है और अंगदाता परिवार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि एम्स भोपाल अंग प्रत्यारोपण सेवाओं को लगातार मजबूत कर रहा है।

एम्स भोपाल के अनुसार, संस्थान में अब तक 3 सफल हृदय प्रत्यारोपण और 23 सफल किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। इसके अलावा संस्थान को फेफड़ा प्रत्यारोपण की भी अनुमति मिल गई है, जिससे भविष्य में उन्नत प्रत्यारोपण सेवाओं का विस्तार होगा।

कार्यक्रम का समापन “अंगदान करें, जीवन बचाएं और अपनी अमर विरासत छोड़ जाएं” के संदेश के साथ हुआ।

Exit mobile version