
भ
ोपाल। राजधानी में गुरुवार से इलेक्ट्रिक (ई) बसों का नियमित संचालन शुरू हो गया। पहले चरण में 10 वातानुकूलित (एसी) ई-बसें यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं। इन बसों का किराया पहले से संचालित लाल सिटी बसों के समान रखा गया है, जिससे यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।
प्रारंभिक चरण में ई-बसें चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़-चिचली तथा चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए कोच फैक्ट्री मार्ग पर संचालित की जा रही हैं। बसों में यात्रा का न्यूनतम किराया 6-7 रुपये और अधिकतम 40 रुपये निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार भोपाल के लिए कुल 30 ई-बसें उपलब्ध हो चुकी हैं। इनमें मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। पहले चरण में 10 बसें शुरू हुई हैं, जबकि दूसरे चरण में 10 और बसें जल्द सड़कों पर उतरेंगी। इसके बाद 15 अगस्त को प्रदेश स्तर पर औपचारिक लोकार्पण के पश्चात सभी 30 बसों का संचालन शुरू करने की योजना है।
ई-बसों का संचालन फिलहाल दो शिफ्टों में किया जाएगा। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी।
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधा
नई ई-बसों में दिव्यांगजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में हाइड्रोलिक डोर लगाए गए हैं, जिससे व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल के साथ आसानी से चढ़ना-उतरना संभव होगा। बस के प्रवेश द्वार के पास दो व्हीलचेयर या ट्राइसाइकिल रखने के लिए भी विशेष स्थान बनाया गया है, जिससे दिव्यांग यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
