State

एडवेंचर टूरिज्म की सुरक्षा पर विशेषज्ञों का मंथन, भोपाल में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित

भोपाल। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के केंद्रीय क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एडवेंचर टूरिज्म सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम पर एक दिवसीय महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन 16 जनवरी 2026 को भोपाल के होटल रेडिसन ब्लू में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित, संगठित और पेशेवर बनाना था।

सेमिनार में मध्यप्रदेश के 70 से अधिक एडवेंचर ऑपरेटर्स, टूर ऑपरेटर्स, पर्यटन विभागों के अधिकारी तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान एडवेंचर टूरिज्म में सुरक्षा मानकों, जोखिम प्रबंधन, प्रशिक्षण प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।

पर्यटन को सुरक्षित बनाना सरकार की प्राथमिकता – शिव शेखर शुक्ला

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (पर्यटन, संस्कृति, गृह एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व) तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुव्यवस्थित बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम, प्रशिक्षित मानव संसाधन, मानकीकृत संचालन प्रक्रियाएं (SOP), प्रभावी जोखिम प्रबंधन तंत्र पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश के सबसे सुरक्षित और अग्रणी एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करना है।

एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा सर्वोपरि – डॉ. अभय बेडेकर

अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि प्रदेश में स्काई-डाइविंग, ट्रैकिंग, साइक्लिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, मोटर स्पोर्ट्स, मैराथन और वॉटर-बेस्ड एडवेंचर गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर एडवेंचर गतिविधि में सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव प्रदान किया जा सके।

IS/ISO 21101:2014 पर विशेषज्ञ सत्र

सेमिनार के प्रमुख तकनीकी सत्र में विशेषज्ञ श्री निरत कुमार भट्ट ने “IS/ISO 21101:2014 के अनुसार एडवेंचर टूरिज्म सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि यह मानक एडवेंचर टूरिज्म ऑपरेटर्स को एक व्यवस्थित सुरक्षा ढांचा प्रदान करता है, जिससे संभावित जोखिमों की पहचान, आपातकालीन प्रबंधन, प्रशिक्षित स्टाफ, सतत निगरानी तंत्र, सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से यह भी बताया कि सेफ्टी मैनेजमेंट सिस्टम अपनाकर एडवेंचर टूरिज्म को किस प्रकार अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सकता है।

जागरूकता कार्यक्रमों से मजबूत होगा एडवेंचर टूरिज्म

ज्वाइंट डायरेक्टर (एडवेंचर टूरिज्म) डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने सेमिनार के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के तकनीकी और जागरूकता आधारित कार्यक्रम मध्यप्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी और सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। बीआईएस के केंद्रीय क्षेत्रीय कार्यालय की डायरेक्टर श्रीमती ललथान परी ने भी आयोजन के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में बीआईएस की यंग प्रोफेशनल सुश्री शिवांगी जैन और सुश्री सुरभी टोडे ने भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

Related Articles